पिपरिया के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का अधिकारियों ने लिया जायजा
लखीसराय। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर वरीय उपसमाहर्ता प्राची कुमारी ने सोमवार को पिपरिया प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने जिला सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित पंचायत के मुखिया के साथ पथुआ पंचायत के वार्ड संख्या 16 एवं 17 का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों की स्थिति की जानकारी ली तथा पेयजल, भोजन, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए दो स्थानों पर सामुदायिक रसोई संचालित करने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए आवश्यक खाद्य सामग्री एवं अन्य संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं।