प्रभारी सचिव ने बाढ़ राहत तैयारियों की समीक्षा की
लखीसराय। जिले के प्रभारी सचिव कंवल तनुज ने सोमवार को सम्राट अशोक भवन में बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली।
समीक्षा के दौरान सम्राट अशोक भवन परिसर में तैयार किए जा रहे खाद्य पैकेटों की पैकेजिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। प्रभारी सचिव ने खाद्य पैकेटों की गुणवत्ता, निर्धारित मात्रा, पैकेजिंग तथा सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रभावित लोगों तक त्वरित एवं प्रभावी राहत पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही राहत सामग्री की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।