सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रशिक्षण कार्यशाला
लखीसराय। लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में रविवार को सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय, महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा, जिला प्रभारी संजय सिंह एवं जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पिंकी कुशवाहा ने कहा कि मजबूत संगठन ही प्रभावी जनसेवा का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की कार्यपद्धति को आत्मसात करते हुए बूथ स्तर तक सक्रियता, बेहतर समन्वय और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय ने कार्यकर्ताओं को समय प्रबंधन और सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान सेवा, समर्पण और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रभारी संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ जिम्मेदारी निभाने की अपील की। वहीं, जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाते हुए अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
कार्यशाला में भाजपा महामंत्री सनोज साहू, प्रमोद कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष गौतम मंडल, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, अभिषेक सिंह, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष विकास आनंद, महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा पासवान, युवा मोर्चा अध्यक्ष सोनू चंद्रवंशी, किसान मोर्चा अध्यक्ष अजय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Lakhisarai, Lakhisarai | Sep 6, 2026