मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हरदोई में 252 जोड़ों का विवाह, जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहितों को दिया आशीर्वाद
हरदोई, 25 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को जनपद हरदोई में दो स्थानों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। विधानसभा क्षेत्र बालामऊ और संडीला में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 252 जोड़े शामिल हुए।
विधानसभा क्षेत्र बालामऊ के कार्यक्रम स्थल अद्धिक स्वागतम मैरिज हॉल एवं लॉन, मुसलमानाबाद, संडीला-गौसगंज-मल्लावां रोड पर आयोजित कार्यक्रम में विकासखंड कछौना के 38, कोथावां के 46, बेहंदर के 44, नगर कछौना पतसेनी के 10 तथा बेनीगंज के 3 जोड़ों सहित कुल 141 जोड़े शामिल हुए।
कार्यक्रम में विधायक रामपाल वर्मा, ब्लॉक प्रमुख, चेयरमैन एवं नोडल अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उन्हें आपसी सहयोग और प्रेम के साथ जीवन बिताने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान नवविवाहित कन्याओं को योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्री भी प्रदान की गई।
इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र संडीला के कार्यक्रम स्थल जेकेआर मैरिज लॉन, संडीला मार्केट में आयोजित कार्यक्रम में विकासखंड संडीला के 52, भरावन के 56 तथा नगर क्षेत्र संडीला के 3 जोड़ों सहित कुल 111 जोड़े शामिल हुए।
कार्यक्रम में विधायक अलका सिंह अर्कवंशी, ब्लॉक प्रमुख, चेयरमैन एवं नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उन्हें मिल-जुलकर और आपसी सहयोग के साथ वैवाहिक जीवन बिताने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान कन्याओं को योजना के तहत उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्री भी प्रदान की गई।
दोनों स्थानों पर कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। सामूहिक विवाह में शामिल नवविवाहित जोड़ों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के प्रति आभार व्यक्त किया।
Bilgram, Hardoi | Aug 25, 2026