रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 150 किलो दूषित मिठाई नष्ट; खोया और दूध के नमूने लिए
हरदोई। रक्षाबंधन त्योहार के दृष्टिगत जिले में मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के निर्देश पर बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी और निरीक्षण अभियान चलाया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा कुमार गुंजन ने बताया कि मल्लावां स्थित अंशु डेयरी कारोबारी कप्तान के प्रतिष्ठान पर छापा मारकर खोये के दो नमूने संगृहीत किए गए। प्रतिष्ठान पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत शेड्यूल-4 के अनुपालन को लेकर नोटिस जारी किया जा रहा है।
वहीं हरपालपुर में सरदार नगर, शाहाबाद निवासी कारोबारी दिलीप कुमार द्वारा डाले से ले जाई जा रही करीब 150 किलोग्राम दूषित मिठाइयां बरामद की गईं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दूषित मिठाइयों को जब्त कर मौके पर ही तत्काल नष्ट करा दिया। इसके साथ ही मिल्क केक का एक नमूना भी संगृहीत किया गया।
इसी क्रम में अलाउद्दपुर, मल्लावां रोड, संडीला स्थित सिराजुल की खोया निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। यहां से मिश्रित दूध का एक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
सहायक आयुक्त ने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के परिवहन पर प्रभावी रोकथाम के लिए हाईवे और टोल नाकों पर भी सघन निगरानी की जा रही है। त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
Bilgram, Hardoi | Aug 26, 2026