ओयो होटल की गतिविधियों की निष्पक्ष जांच की मांग, कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
हरदोई, 26 अगस्त। ग्राम मुरलीगंज, सीतापुर रोड, थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में संचालित बताए जा रहे “OYO होटल हवेली” को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी हरदोई के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रेम प्रकाश वर्मा (पी.पी.) के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं एवं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को दिए ज्ञापन में कहा कि उक्त होटल की गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों की ओर से कई तरह की शिकायतें और आशंकाएं सामने आ रही हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि आबादी क्षेत्र में होटल के संचालन से आसपास के ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं पर प्रतिकूल सामाजिक प्रभाव पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने होटल में आने-जाने वाले लोगों, कमरों की बुकिंग और संबंधित अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही होटल के आसपास की भूमि और भवन से संबंधित अभिलेखों की जांच के साथ संचालन के लिए आवश्यक एनओसी, अग्निशमन विभाग की अनुमति, जीएसटी और अन्य वैधानिक अनुमतियों की वैधता जांचने की मांग की गई।
ज्ञापन में होटल में आने वाले ग्राहकों के विवरण और बुकिंग रजिस्टर की जांच तथा उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर ग्राहकों के पहचान संबंधी दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन कराने की मांग भी की गई। इसके अलावा होटल में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी या आपत्तिजनक गतिविधि की संभावना की जांच करने और होटल के स्वामित्व, संचालन तथा संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सभी OYO, ऑनलाइन होटल और गेस्ट हाउसों की सूची तैयार कर उनके लाइसेंस, पंजीकरण, अग्निशमन और अन्य वैधानिक अनुमतियों की जांच कराने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी।
ज्ञापन में कहा गया कि मामले से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन शीघ्र जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाए, ताकि क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सामाजिक वातावरण प्रभावित न हो।
ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, एडवोकेट अजीत विशाल नंदवंशी, एनएसयूआई अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश, अजीत चंदेल, सेवक राम, सैनिक प्रकोष्ठ के महेंद्र सिंह, लीगल सेल के रामबहोरे, अनिल कुमार, पूर्व प्रधान श्यामलाल, बाबूलाल, चंदर, दर्शन, राजीव, शरीफ, पठान, ब्लॉक अध्यक्ष अवधेश, दीपक, शैलेन्द्र, जमुनाप्रसाद, रोहित और बृजलाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रेम प्रकाश वर्मा ने कहा कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो समस्त ग्रामवासी होटल के सामने आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे।
कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की शीघ्र और निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
Bilgram, Hardoi | Aug 26, 2026