महिला जनसुनवाई में राज्य महिला आयोग सदस्य ने सुनीं 28 शिकायतें
हरदोई, 25 अगस्त 2026। राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश की सदस्य एकता सिंह ने मंगलवार को निरीक्षण भवन, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में महिला जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं।
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न सहित अन्य मामलों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
थानों से संबंधित मामलों में उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी भी ली।
महिलाओं के हित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी उन्होंने जानकारी ली। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्र एवं पीड़ित महिलाओं को शासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाया जाए।
जनसुनवाई के दौरान नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार निगम, सीओ सिटी, डिप्टी सीएमओ, वरिष्ठ सहायक सतीश कुमार, सेंटर मैनेजर शाहाबाद मिथिलेश कुमारी, सुरभि सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Aug 25, 2026