लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ, गांधी भवन में हुआ सजीव प्रसारण
हरदोई, 26 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का शुभारंभ किए जाने के क्रम में बुधवार को हरदोई के गांधी भवन सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम एवं जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य मंत्री उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश रजनी तिवारी तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर माताओं और बहनों को उपहार भी प्रदान किए गए।
सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम एवं सिटी बस सेवा की बसों में सभी बहनों, बेटियों और माताओं को एक सहयात्री के साथ 27, 28 और 29 अगस्त 2026 तक तीन दिनों के लिए निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही महिला स्वावलंबन और सशक्तीकरण को समर्पित ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना की शुरुआत की गई है। योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर राज्य मंत्री उच्च शिक्षा विभाग रजनी तिवारी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और उनकी सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से इन योजनाओं का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को योजना की जानकारी देने के साथ सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं और बहनों की उपस्थिति रही। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती पी.के. वर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, यूपीएसआरटीसी हरदोई क्षेत्र के आरएम, एसएम एवं एआरएम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Aug 26, 2026