साइबर अपराध से बचाव को लेकर छात्रों को किया जागरूक
जहानाबाद : जहानाबाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत पुलिस दीदी ने विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव, इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, सड़क सुरक्षा, नशामुक्त जीवन और महिला सशक्तीकरण के संबंध में विस्तार से बताया गया।
पुलिस दीदी ने छात्रों को साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग तथा नशे से दूर रहने के प्रति भी जागरूक किया गया। छात्राओं को उनके अधिकारों और महिला सशक्तीकरण से जुड़े विषयों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।