रुद्रप्रयाग में गुलदार और पहाड़ी कुत्ते के बीच खतरनाक भिड़ंत
पालतू कुत्ते पर झपटा गुलदार, जमकर हुआ संघर्ष, मुकाबला भारी पड़ा तो दुम दबाकर भागा,
रुद्रप्रयाग। जनपद में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर रात विकास भवन कार्यालय के समीप एक घर में घुसे गुलदार ने आंगन में सो रहे पालतू पहाड़ी कुत्ते पर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से कुत्ते ने भी गुलदार का डटकर मुकाबला किया। दोनों के बीच काफी देर तक जबरदस्त संघर्ष हुआ। आखिरकार कुत्ते के प्रतिरोध के आगे गुलदार को पीछे हटना पड़ा और वह दुम दबाकर मौके से भाग निकला।
घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात गुलदार आबादी वाले क्षेत्र में स्थित एक घर के आंगन में जा घुसा। वहां सो रहे पालतू कुत्ते को देखते ही उसने उस पर हमला कर दिया। गुलदार और कुत्ते के बीच हुई भिड़ंत में काफी देर तक संघर्ष चलता रहा। कुत्ते के लगातार प्रतिरोध के चलते गुलदार वहां से भागने को मजबूर हो गया।
आबादी के बीच गुलदार की इस तरह दस्तक से स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार लगातार आबादी वाले इलाकों के आसपास दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। #socialmedia #instagram #viral #rudraprayag #uttarakhand #fight #tiger #dog