ई-रिक्शा चाभी चोरी के आरोप को लेकर विवाद,एसपी से जांच, कार्रवाई की मांग
बस्ती। कटरा क्षेत्र में ई-रिक्शा की चाभी निकाल लेने के आरोप को लेकर हुए विवाद के मामले में कटरा निवासी गोलू गुप्ता पुत्र स्वर्गीय सुभाष चन्द्र गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना 11 सितंबर 2026 की बताई गई है।
गोलू गुप्ता के अनुसार, वह कटरा क्षेत्र में पान की दुकान चलाते हैं। आरोप है कि 11 सितम्बर की शाम लगभग तीन बजे ई-रिक्शा चालक राजन सोनकर पुत्र लक्ष्मी सोनकर, निवासी ओरीजोत, थाना कोतवाली अपना ई-रिक्शा उनकी दुकान के सामने खड़ा कर गया था। करीब 10 मिनट बाद वापस आने पर राजन सोनकर ने ई-रिक्शा की चाबी चोरी करने का आरोप लगाया। गोलू गुप्ता ने मामले की सच्चाई स्पष्ट करने के लिए सीसीटीवी फुटेज देखने की बात कही। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। मोबाइल की दूकान चलाने वाले राधेश्याम गुप्ता ने मौके पर बीच बचाव किया। गोलू गुप्ता ने आरोप लगाया कि राजन सोनकर ने स्वयं को एक हिन्दू संगठन का पदाधिकारी बताते हुए उनसे पूछताछ की तथा विवाद के दौरान धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और मारपीट की गई। दुकान का सामान गिरने तथा जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि घटना के बाद राजन सोनकर की ओर से उसके और राधेश्याम गुप्ता के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया, जबकि उनके अनुसार मुकदमा वास्तविक घटना से अलग तथ्यों के आधार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से कराया गया है। शिकायत में घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और वीडियो क्लिप उपलब्ध होने की बात कहते हुए उनकी जांच में शामिल किए जाने की मांग की गई है। प्रार्थना पत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा संगठन के नाम पर दुकानदारों से चंदा या सहयोग मांगने तथा इनकार करने पर दबाव बनाने और मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने की भी जांच कराने का अनुरोध किया गया है।
गोलू गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक से 11 सितंबर की घटना की निष्पक्ष एवं उच्चाधिकारी स्तर से जांच, सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों की जांच तथा वास्तविक तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
एसपी को पत्र देने के दौरान गोलू गुप्ता के साथ विश्व हिन्दू परिषद जिलाध्यक्ष मनोज सिंह, आकाश सोनी, रबीश कुमार ठाकुर, मल्लू गोंड़, रवि मोदनवाल, राजू यादव, रवि, राकेश सिंह आदि शामिल रहे।
#basti #बस्ती समाचार#NewsUpdate #follower #newsfeed #UttarPradesh #SCST #highlight #
Basti, Basti | Sep 15, 2026