बस्ती पहुंचते ही गरजे श्याम लाल पाल, 2027 में सपा सरकार का किया दावा
मड़वा नगर टोल प्लाजा पर सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव के नेतृत्व में हुआ जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
पीडीए में पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक के साथ हर पीड़ित-वंचित शामिल : श्याम लाल पाल
बस्ती। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के बस्ती आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे स्थित मड़वा नगर टोल प्लाजा पर उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जुटे सपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
स्वागत समारोह के दौरान श्याम लाल पाल ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने की जरूरत है। गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं समाजवादी विचारधारा को जनता तक पहुंचाने की अपील उन्होंने कार्यकर्ताओं से की।
2027 में सपा सरकार बनने का दावा
मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने पीडीए की परिभाषा स्पष्ट करते हुए कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के साथ-साथ जो भी पीड़ित और वंचित हैं, वे सभी पीडीए का हिस्सा हैं।
कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना
प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गोंडा समेत कई स्थानों पर गुंडागर्दी की स्थिति है और लोग परेशान हैं। उन्होंने सरकार से कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीरता से काम करने की बात कही।
‘पराया धन अपना’ बयान पर भी साधा निशाना
‘पराया धन अपना’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए श्याम लाल पाल ने कहा कि “भगवान राम का पराया धन इन्होंने अपना बना लिया।” उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों द्वारा चढ़ावे के रूप में दिया गया धन अपना बना लिया गया और यही उनकी परिभाषा है।
प्रदेश अध्यक्ष के बस्ती आगमन को सपा पदाधिकारियों ने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर रुधौली विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी, कप्तानगंज विधायक अतुल चौधरी, दयाशंकर मिश्र, बृजेश मिश्रा, विपिन सिंह,जावेद पिंडारी, युवा नेता बबलू तिवारी, गीता भारती, सुजीत चौधरी, मोहम्मद स्वाले, विजय विक्रम आर्य, चंद्र प्रकाश चौधरी, धीरसेन निषाद, जमील अहमद, जितेंद्र यादव,अखिलेश यादव, राम आशीष वर्मा सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Basti, Basti | Sep 15, 2026