*बस्ती: शिकायतों का निस्तारण औपचारिकता नहीं, गुणवत्तापूर्ण हो - डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने दी सख्त चेतावनी* आईजीआरएस समीक्षा बैठक में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश, रैंकिंग सुधारने पर जोर*
जनपद बस्ती, 15 सितंबर 2026 जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण, लंबित प्रकरणों तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि की विभागवार गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर उपलब्ध अद्यतन आंकड़ों का प्रस्तुतीकरण किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक होना चाहिए। उन्होंने समस्त विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायती संदर्भों का समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे शासन स्तर से फीडबैक लेने पर शिकायतकर्ता अपनी संतुष्टि का फीडबैक दे सकें और जनपद की रैंकिंग बेहतर हो सके।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव निगम, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, उमाकांत तिवारी, अहमद फरीद खान, राजेश यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, ईडीएम सौरभ द्विवेदी सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 15, 2026