*बस्ती: शिक्षक एमएलसी निर्वाचन की मतदाता सूची का निरंतर पुनरीक्षण जारी, छूटे हुए शिक्षक भर सकते हैं फॉर्म-19 - एसडीएम कीर्ति प्रकाश भारती*
बस्ती, 15 सितंबर 2026 (सू0वि0)। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिला मजिस्ट्रेट कीर्ति प्रकाश भारती ने की।
बैठक में एसडीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 6 जनवरी 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावलियों की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को उसी दिन आयोजित बैठक में उपलब्ध कराई जा चुकी है। वर्तमान में उक्त निर्वाचक नामावलियों का निरंतर पुनरीक्षण चल रहा है। उन्होंने बताया कि यदि किसी पात्र शिक्षक मतदाता का नाम सूची में सम्मिलित होने से छूट गया है, तो वह फॉर्म-19 ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन भर सकता है। फॉर्म-19 को जिला विद्यालय निरीक्षक से प्रतिहस्ताक्षरित कराने के पश्चात संबंधित पदाभिहित अधिकारी / उप जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय बस्ती में जमा किया जा सकता है।
साथ ही उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किसी भी नाम के विरुद्ध आपत्ति हेतु फॉर्म-7 भरा जा सकता है। यदि वर्तमान सूची में किसी मतदाता का नाम, पिता का नाम, उम्र, शिक्षण संस्थान का नाम या फोटो आदि में कोई त्रुटि है तो उसके संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरकर जमा किया जा सकता है।
इस बैठक में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण, उप जिलाधिकारी राजेश यादव, सहायक निर्वाचन अधिकारी ओम प्रकाश, वरिष्ठ प्रधान सहायक अजय पाण्डेय, वरिष्ठ सहायक पीयूष, परमहंस सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता हरी ओमप्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 15, 2026