किनारी पैक्स में डीएम ने कराया 46 क्विंटल धान का क्रय, किसान को सौंपी पावती रसीद
जहानाबाद :
जिले में धान अधिप्राप्ति कार्य शुरू होने के बाद गुरुवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने जहानाबाद सदर प्रखंड के किनारी पैक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीद की व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम की मौजूदगी में किसान मिथुन कुमार, पिता रमाकांत राम से 46 क्विंटल धान की खरीद की गई। इसके बाद जिला पदाधिकारी ने किसान को धान अधिप्राप्ति की पावती रसीद भी सौंपी।
निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल और पुराने जूट के बोरे के लिए 25 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसान को कुल 1 लाख 13 हजार 436 रुपये का भुगतान बैंक खाते में किया जाएगा। जिले में 15 नवंबर से धान खरीद की प्रक्रिया शुरू की गई है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पैक्स गोदाम में धान के भंडारण और खरीद से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने, किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और निर्धारित समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।