जहानाबाद निबंधन विभाग के राजस्व संग्रह में 6 प्रतिशत की वृद्धि, अब तक 32.40 करोड़ रुपये की वसूली
जहानाबाद :
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने बुधवार को समाहरणालय में निबंधन विभाग के कार्यों एवं राजस्व संग्रहण की समीक्षा की। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्धारित राजस्व लक्ष्य के विरुद्ध हुई वसूली और दस्तावेजों के निबंधन की प्रगति की जानकारी ली गई।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में विभाग को 86.93 करोड़ रुपये राजस्व संग्रह का लक्ष्य दिया गया है। इसके विरुद्ध अब तक 32.40 करोड़ रुपये की प्राप्ति हो चुकी है। इस अवधि में कुल 5,394 दस्तावेजों का निबंधन किया गया है। वहीं, पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में राजस्व संग्रह में छह प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
जिला पदाधिकारी ने राजस्व संग्रहण में और तेजी लाने तथा दस्तावेजों के निबंधन की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 75 वर्ष या उससे अधिक उम्र के ऐसे बुजुर्ग, जो शारीरिक असमर्थता के कारण निबंधन कार्यालय नहीं पहुंच सकते, उन्हें मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट (एमआरयू) के माध्यम से घर पर ही निबंधन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए विशेष पहल करने को कहा गया।बैठक में जिला अवर निबंधन पदाधिकारी समेत निबंधन विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।