जरासंध महाराज के जन्मोत्सव पर पटना में जुटेगा चंद्रवंशी समाज
जहानाबाद : जरासंध महाराज के जन्मोत्सव सह स्वाभिमान रैली को सफल बनाने के लिए बुधवार को जिला अतिथि गृह के सभागार में बैठक आयोजित की गई। आगामी 28 नवंबर को पटना में होने वाले इस आयोजन की तैयारी को लेकर जिले के सभी प्रखंडों से समाज के प्रबुद्ध एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक में बड़ी संख्या में लोगों को पटना ले जाने की रणनीति बनाई गई। उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर हजारों की संख्या में रैली में शामिल होने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता श्यामदेव सिंह चंद्रवंशी ने की, जबकि संचालन नकुल ठाकुर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन दीपक कुमार चंद्रवंशी ने किया।बैठक को संबोधित करते हुए प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि चंद्रवंशी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। मगध सम्राट जरासंध महाराज का पराक्रम, दानशीलता और शासन व्यवस्था समाज के लिए गौरव एवं स्वाभिमान का प्रतीक है। इसके बावजूद समाज को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपेक्षित भागीदारी नहीं मिल पाई है। उन्होंने समाज के लोगों से अपनी ऐतिहासिक पहचान और अधिकारों के प्रति जागरूक होकर एकजुट होने की अपील की।उन्होंने पंचायत एवं नगर निकायों में आरक्षण के माध्यम से पिछड़े और वंचित वर्गों को राजनीतिक भागीदारी का अवसर देने के लिए भाजपा एवं एनडीए सरकार के प्रति आभार जताया। साथ ही राजगीर में जरासंध महाराज की प्रतिमा, स्मारक पार्क और राजकीय सम्मान दिए जाने को समाज के गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि 28 नवंबर की रैली केवल जन्मोत्सव का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, स्वाभिमान और अधिकारों की आवाज बुलंद करने का अवसर है। उन्होंने जिले के सभी प्रखंडों से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को पटना पहुंचने का आह्वान किया।
बैठक में सुरेश शर्मा, दीपक कुमार चंद्रवंशी, दीपक गुप्ता, राजा चंद्रवंशी, बबलू चंद्रवंशी, उमेश प्रसाद और अंकित गुप्ता समेत कई लोगों ने अपने विचार रखे। सभी ने रैली को सफल बनाने के लिए समाज के लोगों से एकजुट होकर पटना चलने की अपील की।