बारिश ने खोली सड़क की पोल, बैजल का पुरवा में कीचड़ से राह मुश्किल
स्कूली बच्चों से लेकर ग्रामीणों तक परेशान, स्कूल वाहन भी नहीं पहुंच पा रहे गांव
यूनाइटेड भारत बारा | मनोज कुमार बिन्द
बारा, प्रयागराज। बारा तहसील क्षेत्र के बैजल का पुरवा मझियारिया गांव में बारिश के बाद सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और जलभराव होने से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है, जो इसी रास्ते से होकर स्कूल जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुकी है। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बच्चे कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं, जिसके चलते कई बार उन्हें समय से स्कूल पहुंचने में भी परेशानी होती है।
वहीं सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूल वाहन भी गांव तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की समस्या बनी हुई है, लेकिन बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है।
ग्रामीण रामगोपाल, सूर्यभान, समय लाल, सोनकरण, निरंजन, अनिल कुमार, राजेंद्र, परिषद वाल्मीकि, कन्हैया लाल और नीरज कुमार समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क को आवागमन योग्य कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की मरम्मत और जल निकासी की तत्काल व्यवस्था नहीं हुई तो बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी दोनों प्रभावित होती रहेंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर जल्द कार्रवाई की मांग की है।