जमुई: रवैय गांव में छठ महापर्व पर भगवान सूर्य की प्रतिमा होगी स्थापित , तैयारी व आयोजन को भव्य रुप देने में जुटे ग्रामीण
जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रवैय गांव में छठ महापर्व का आयोजन भव्य और ऐतिहासिक तरीके से किया जा रहा है। पावन अवसर पर छठ पूजा के साथ-साथ भगवान सूर्यदेव की प्रतिमा स्थापना एवं भव्य भजन-जागरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्साह और भक्ति का माहौल है। शुक्रवार की शाम 4:00 के बाद तक युवा श्रमदान कर साफ- सफाई में जुटे रहे।
गांव के सभी लोग एकजुट होकर इस पावन आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। छठ घाट की सफाई, सजावट, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं की व्यवस्था युद्धस्तर पर की जा रही है। समिति के सदस्यों का कहना है कि इस बार का आयोजन आस्था, संस्कृति, एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक बनेगा।
कार्यक्रम के व्यवस्थापक धनंजय सिंह हैं, जो मां आशापूर्णा दुर्गा समिति रवैय के अध्यक्ष सह समाजसेवी हैं। उनके नेतृत्व में पूरी टीम आयोजन की तैयारियों में लगी हुई है। इस आयोजन के मुख्य यजमान सनोज सिंह होंगे। पूजा-अर्चना का कार्य आचार्य राहुल मिश्रा एवं आचार्य जय नंदन पांडेय के द्वारा संपन्न कराया जाएगा।
आयोजन के प्रमुख कार्यकर्ता एवं सहयोगियों में कन्हैया सिंह, अनिश यादव, छोटू कुमार, नितीश कुमार, रौशन कुमार, राहुल कुमार, संतोष कुमार सहित गांव के अन्य सभी सम्मानित युवा साथी शामिल हैं। सभी कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
आयोजन समिति की ओर से सभी कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का हृदय से आभार और सम्मान व्यक्त किया गया है। समिति ने कहा कि जो लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इस शुभ कार्य में अपना सहयोग और समय दे रहे हैं, उनका यह आयोजन हमेशा ऋणी रहेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि छठ महापर्व बिहार की आत्मा है। यह पर्व सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता और समर्पण का संदेश देता है। रवैय में होने वाला यह आयोजन आसपास के गांवों के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
समिति ने सभी श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से अपील की है कि आइए, हम सब मिलकर इस पावन आयोजन को सफल बनाएं और छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव का आशीर्वाद प्राप्त करें। #jamui #jamuibihar #chhathpooja
Jamui, Jamui | Nov 13, 2026