जमुई: मंत्री श्रेयसी सिंह ने जमुई के विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण
बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने बुधवार की दोपहर 1:00 बजे छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जमुई विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित लोगों को छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि छठ महापर्व को लेकर हर साल की तरह इस बार भी वे घाटों की व्यवस्था देखने निकली हैं। जिला प्रशासन अपने स्तर से तैयारियों में जुटा है, लेकिन कुछ ऐसे जरूरी कार्य हैं, जिन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। घाटों पर साफ-सफाई, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और व्रतियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर व्यवस्था केवल शहरी घाटों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के छठ घाटों पर भी श्रद्धालुओं को जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके लिए प्रशासन के साथ स्थानीय लोगों की भागीदारी और जनसहयोग से काम किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर श्रमदान के माध्यम से भी घाटों की व्यवस्था बेहतर बनाई जाएगी। मंत्री ने कहा कि छठ लोक आस्था का महापर्व है। इसमें बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों के किनारे भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में घाटों की स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, ताकि किसी को परेशानी नहीं हो। इस अवसर पर उन्होंने जमुई सहित पूरे बिहार के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मइया से बिहार की निरंतर प्रगति, समृद्धि और विकास की कामना करते हुए कहा कि समृद्ध बिहार के निर्माण में सरकार के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से आपसी सहयोग और उत्साह के साथ पर्व मनाने की अपील की। #jamui #mantriji #shreysisingh
Jamui, Jamui | Nov 12, 2026