जमुई: जिस पेड़ के नीचे कभी जारी होते थे नक्सली फरमान, आज उसी स्थान पर DM, SP, DDC, ADM ने खाया प्रसाद
लोक आस्था के महापर्व छठ के प्रथम अनुष्ठान नहाय-खाय के अवसर पर शुक्रवार को पूर्व नक्सल प्रभावित गुरमाहा गांव में आस्था, विश्वास और सौहार्द की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। DM, SP, DDC ने पूरी प्रशासनिक टीम के साथ गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं और ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर कद्दू, भात कर प्रसाद ग्रहण किया। उक्त जानकारी DPRO द्वारा शुक्रवार की देर शाम 6:30 बजे प्रेस रिलीज व वीडियो जारी कर दी गई है। आपको बता दें कि कभी नक्सलियों के फरमान और भय के साये में रहने वाला यह गांव आज सामाजिक सौहार्द की नई मिसाल प्रस्तुत कर रहा है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर आत्मीयता के साथ पारंपरिक छठ प्रसाद कद्दू-भात ग्रहण किया। प्रशासनिक अधिकारियों का ग्रामीणों के साथ इस तरह पर्व मनाना आपसी विश्वास, सहज संवाद और बदलते सामाजिक परिवेश का जीवंत उदाहरण बना।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने छठ व्रतियों के बीच सूप, साड़ी एवं नारियल का वितरण किया तथा महिलाओं, छात्राओं, बच्चों एवं ग्रामीणों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। गांव की महिलाओं ने पारंपरिक छठ गीतों की प्रस्तुति की, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने खेल विभाग, बिहार सरकार द्वारा स्थापित ओपन जिम का उद्घाटन किया। ग्रामीणों के विशेष अनुरोध पर उन्होंने मुसहरी टोला एवं कुमारतरी गांव का भ्रमण किया तथा कुमारतरी में विद्यालय निर्माण की मांग पर अंचल अधिकारी को तत्काल भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने गांव के छठ घाटों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ग्रामीणों के साथ संवाद के दौरान जिला पदाधिकारी ने शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने गांव की पहली पीढ़ी की उन बच्चियों का उल्लेख किया, जिन्होंने मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण कर शिक्षा के क्षेत्र में नई शुरुआत की है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों, विशेषकर बेटियों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने, उनकी पढ़ाई जारी रखने तथा उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए गांव के बच्चे अपने परिवार और समाज के भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।
उप विकास आयुक्त ने भी ग्रामीणों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए अभिभावकों से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है और इसमें ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण है।
मीडिया से बातचीत के दौरान जिला पदाधिकारी ने बताया कि पिछले एक वर्ष में गुरमाहा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सकारात्मक बदलाव हुए हैं। आजादी के बाद पहली बार गांव में नल-जल की सुविधा पहुंची है। गांव की पहली पीढ़ी की बच्चियों ने मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण कर शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही गांव में बिजली के आधारभूत ढांचे का भी विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक विकास का लाभ पहुंच सके।
गुरमाहा में इस आयोजन का महत्व केवल एक पर्व में प्रशासनिक सहभागिता तक सीमित नहीं है। यह उस बदलाव का प्रतीक है, जिसमें कभी नक्सली प्रभाव और भय से प्रभावित रहा क्षेत्र आज विकास, शिक्षा और सामाजिक विश्वास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। जिस स्थान पर कभी नक्सली फरमानों का प्रभाव था, वहां आज प्रशासन की उपस्थिति में लोक आस्था का पर्व मनाया जा रहा है। #jamui #dmjamui #spjamui #ddcjamui #admjamui #zilaprashasan #viralreels
Jamui, Jamui | Nov 13, 2026