जिला स्वास्थ्य समिति एवं पोषण समिति तथा शिक्षा विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित
--
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति एवं पोषण समिति तथा शिक्षा विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग,महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री मालवीय ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, पोषण संबंधी गतिविधियों तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने 05 वर्ष से 15 वर्ष तक के आयु वर्ग के बच्चों के समग्र आईडी तथा ई-केवायसी बनवाये जाने के निर्देश स्कूल शिक्षा विभाग को दिए।
बैठक में प्रसूति सहायता योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार कराए जाने की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों के आवश्यक दस्तावेज समय पर तैयार कराकर उन्हें प्रसूति सहायता का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड बनाए जाने के संबंध में भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र बच्चों के आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत बच्चों का आधार पंजीयन सुनिश्चित कराया जाए।
बैठक में उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं के चिन्हांकन एवं प्रबंधन,रक्त की उपलब्धता,ब्लड बैंक यूनिट की क्रियाशीलता,रेफरल परिवहन की समय पर उपलब्धता,मातृ मृत्यु की समयबद्ध रिपोर्टिंग,जननी सुरक्षा योजना तथा प्रसूति सहायता योजना के अंतर्गत भुगतान की स्थिति,दस्तक अभियान,टीकाकरण,टीवी उन्मूलन अभियान,पोषण टेकर के संबंध में विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अलका त्रिवेदी,जिला शिक्षा अधिकारी मधु शर्मा,जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती चन्द्रसेना भिड़े एवं संबंधित अधिकारी,कर्मचारी उपस्थित रहे।
#ashoknagar
Ashok Nagar, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026