शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक रास्ता कराया गया बहाल
--
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय के निर्देशानुसार तहसील अशोकनगर में मंगलवार को तहसीलदार श्री संतोष धाकड़ की उपस्थिति में राजस्व दल एवं नगर पालिका अशोकनगर के अमले द्वारा शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्यवाही न्यायालय तहसीलदार, अशोकनगर के प्रकरण के क्रम में की गई। कस्बा अशोकनगर स्थित शासकीय (सेड़ा) भूमि, सर्वे क्रमांक 770, रकबा 0.052 हेक्टेयर, का विगत लगभग 10 से 12 वर्षों से सार्वजनिक रास्ते के रूप में उपयोग किया जा रहा था। उक्त भूमि पर जूली जैन पत्नी चंचल निर्मल जैन एवं संतोष जैन पुत्र मूलचंद जैन द्वारा किए गए अतिक्रमण को राजस्व एवं नगर पालिका अमले द्वारा हटाया गया।
अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के दौरान मौके पर निर्मित पक्की बाउंड्री को हटाकर शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। इसके पश्चात नगर पालिका की जेसीबी मशीन की सहायता से भूमि को समतल कर पूर्व स्थिति में सार्वजनिक रास्ते के रूप में बहाल किया गया।इस कार्यवाही से आमजन के आवागमन के लिए अवरुद्ध सार्वजनिक रास्ता पुनः खुल गया है। साथ ही शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कर उसका सार्वजनिक रास्ते के प्रयोजन के लिए उपयोग सुनिश्चित किया गया।
#ashoknagar