विश्व आत्महत्या निषेध दिवस पर कलेक्टर ने किया छात्रों से संवाद
विश्व आत्महत्या निषेध दिवस पर शासकीय विधि महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित
--
विश्व आत्महत्या निषेध दिवस पर शासकीय विधि महाविद्यालय अशोकनगर में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने छात्रों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने आत्महत्या की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा लोगों को तनावपूर्ण परिस्थितियों में सकारात्मक सोच एवं संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री मालवीय ने कहा कि आत्महत्या की रोकथाम परिवार, समाज, शिक्षण संस्थानों, प्रशासन और प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। मानसिक तनाव अथवा किसी कठिन परिस्थिति से गुजर रहे व्यक्ति की बात को गंभीरता से सुनना और उसे भावनात्मक सहयोग प्रदान करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समय पर किया गया संवाद और उचित मार्गदर्शन किसी व्यक्ति को कठिन परिस्थिति से बाहर आने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि कई बार व्यक्ति अपनी परेशानियों को परिवार या आसपास के लोगों से साझा नहीं कर पाता। ऐसी स्थिति में हमें संवेदनशील होकर उसके व्यवहार में होने वाले बदलावों को समझने तथा बिना किसी भेदभाव या संकोच के उसकी बात सुनने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को लेकर किसी प्रकार का कलंक या संकोच न रखें और आवश्यकता होने पर विशेषज्ञों से परामर्श लें। उन्होंने कहा कि स्कूल कॉलेज स्तर पर आत्महत्या रोकथाम सेल का गठन किया जाना चाहिए, जहां पर विद्यार्थी अपनी समस्या को साझा कर सके।
कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती गरिमा राठौर एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
#ashoknagar