नोनहर गांव में आभूषण दुकान का ताला काटकर ढाई लाख के जेवरात चोरी
ताला कटर मशीन से वारदात को दिया अंजाम, दो माह पहले भी दुकान में चोरी हुए हुआ था।
बिक्रमगंज। सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के नोनहर गांव में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने एक आभूषण दुकान को निशाना बनाते हुए करीब ढाई लाख रुपये के जेवरात और अन्य सामान चोरी कर लिए। चोरों ने ताला कटर मशीन से दुकान का ताला काटकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी बुधवार की सुबह हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, नोनहर गांव स्थित संध्या ज्वेलर्स का ताला काटकर चोर दुकान के अंदर घुसे और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। दुकानदार कमलेश कुमार उर्फ दारा ने बताया कि दुकान से करीब 900 ग्राम चांदी के जेवरात, कटिंग की हुई चांदी और पीतल की कुछ सामग्री चोरी हुई है। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
दुकानदार के अनुसार, करीब दो माह पहले भी उनकी दुकान से दो ताले चोरी हुए थे। उस समय भी दुकान को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई थी। अब दोबारा चोरी की घटना होने से दुकानदार ने दोनों घटनाओं के बीच संबंध होने की आशंका जताई है।
इस संबंध में सूर्यपुरा थानाध्यक्ष चंदन भगत ने बताया कि नोनहर गांव स्थित संध्या ज्वेलर्स में ताला काटकर चोरी किए जाने की सूचना मिली है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है। चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।