तेंदुनी चौक पर जाम हटवाने खुद सड़क पर उतरे एसडीएम, आमजनों को मिली राहत
बिक्रमगंज। शहर के प्रमुख तेंदुनी चौक पर जाम की समस्या को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार स्वयं सड़क पर उतर आए। उन्होंने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और सक्रिय भूमिका निभाते हुए जाम हटवाया। इसके बाद चौक पर आवागमन सुचारू कराया गया।
तेंदुनी चौक बिक्रमगंज का प्रमुख और व्यस्ततम चौराहा है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों और लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में जाम लगने से राहगीरों, आम नागरिकों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है।
जाम की स्थिति की जानकारी मिलते ही एसडीएम ने स्वयं मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराया। उनके इस कदम से लोगों को तत्काल राहत मिली। एसडीएम की इस पहल को जनसमस्याओं के प्रति प्रशासन की तत्परता और जवाबदेही के रूप में देखा जा रहा है।
प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना है। इसके लिए आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी स्वयं धरातल पर उतरकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।