पवन सिंह ने निभाया वादा, दो बहनों को दिए गहने, रुपए और उपहार ,क्षेत्र में हो रही पहल की चर्चा,बोले आगे जब भी जरूरत तो बस एक काल कर देना
रोहतास जिले के दिनारा प्रखंड स्थित पौराणिक स्थल भलुनीधाम में आयोजित मां भलुनी भवानी महोत्सव एक बेहद ही भावुक और दिल को छू लेने वाली घटना का गवाह बना। भलुनीधाम की धरती पर जब भोजपुरी के 'पावर स्टार' और एमएलसी पवन सिंह पहुंचे, तो वहां का माहौल सिर्फ एक महोत्सव का नहीं, बल्कि स्नेह और करुणा का एक जीवंत संगम बन गया। उन्होंने अपनी इस अनूठी पहल से साबित कर दिया कि असली हीरो वही है जो अपनों के संकट में ढाल बनकर खड़ा होता है। पवन सिंह के बुलावे पर औरंगाबाद के ओबरा के बेल गांव से पहुंची मृतक प्रिंस की दोनों बहनों को मंच पर बुलाया गया तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। पवन सिंह ने अपने वादे के मुताबिक दोनों बहनों को नकद आर्थिक सहायता, कीमती जेवर (गहने), सुंदर कपड़े और ट्रॉली बैग उपहार स्वरूप सौंपे। जहां मौके पर दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने कहा कि भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार और भाजपा एमएलसी पवन सिंह सिर्फ सुरों के ही नहीं, बल्कि इंसानी रिश्तों और वादों के भी पक्के बादशाह हैं।
इस दौरान पवन सिंह ने बड़े ही आत्मीय अंदाज में दोनों बहनों से कहा—
"अब से मां-बाप भी मैं ही हूं, तुम्हारा भाई भी मैं ही हूं। तुम दोनों बहनों की शादी मैं पूरी शान से कराऊंगा और आगे भी जब कभी कोई जरूरत पड़े, तो बस एक कॉल कर देना।"
यह पूरी कहानी जनवरी 2025 से जुड़ी है, जब औरंगाबाद के ओबरा स्थित बेल गांव में मृतक प्रिंस कुमार के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। प्रिंस के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और घर में केवल दो कुंवारी बहनें बची थीं (जबकि तीनों भाइयों की शादी हो चुकी थी)।
औरंगाबाद के ओबरा स्थित बेल गांव में जब पवन सिंह मृतक प्रिंस कुमार के घर सांत्वना देने पहुंचे थे, तो उनका दिल पसीज गया। उन्होंने न केवल दोषियों को सजा दिलाने के लिए अपनी आवाज उठाई, बल्कि प्रिंस की दोनों बहनों की शादी का पूरा खर्च उठाने का संकल्प लिया था। और आज, मां भलुनी भवानी के दरबार में उन्होंने अपना वह वादा अक्षरशः पूरा कर दिखाया।
मानवीय पहल की चारों तरफ हो रही है चर्चा
भोजपुरी स्टार की इस दरियादिली और संवेदनशीलता की गूंज पूरे रोहतास और काराकाट क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। फैंस और स्थानीय लोग उनकी इस नेकनीयत की जमकर सराहना कर रहे हैं। कला और संगीत के जरिए दिलों पर राज करने वाले पवन सिंह ने इस बार अपने कर्मों से यह दिखा दिया कि असली 'पावर स्टार' वही है जो जरूरतमंदों के आंसुओं को पोछना जानता है।