सूर्यपुरा छठ घाट पर भव्य गंगा आरती के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व
उगते सूर्य को अर्घ्य देने उमड़ी श्रद्धालु, की भीड़,दशाश्वमेध घाट से आए आचार्यों ने कराई गंगा आरती
लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर सूर्यपुरा छठ घाट पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घाट पर 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। व्रतियों ने पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर सूर्यपुरा छठ घाट पर दिव्यांश शर्मा ग्रुप के सहयोग से भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। वाराणसी के प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट से पहुंचे आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ गंगा आरती संपन्न कराई। शंखनाद और दीपों की रोशनी से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन के साक्षी बने।
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि दिव्यांश शर्मा ग्रुप के सहयोग से भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर इस तरह के धार्मिक आयोजन से श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया। इसके बाद व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया।
Kargahar, Rohtas | Nov 16, 2026