राष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी शेखर चौरसिया को अखिलेश कुमार ने दिए ₹1.01 लाख, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए बढ़ाया हौसला
मलेशिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे शेखर, द डिवाइन पब्लिक स्कूल में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
बिक्रमगंज (रोहतास)। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे दिनारा प्रखंड के गुनसेज गांव निवासी राष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी शेखर चौरसिया की मदद के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं द डिवाइन पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अखिलेश कुमार आगे आए हैं। उन्होंने शेखर को ₹1 लाख 1 हजार की आर्थिक सहायता देकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के उनके सपने को मजबूती दी।
शेखर के सम्मान में द डिवाइन पब्लिक स्कूल परिसर में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अखिलेश कुमार ने उन्हें अंगवस्त्र एवं सम्मान प्रदान किया तथा मलेशिया में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए एक लाख एक हजार रुपये का चेक सौंपा।
शेखर चौरसिया ने पैरा एथलेटिक्स में अब तक 13 स्वर्ण, 7 रजत और 3 कांस्य पदक हासिल किए हैं। इसके अलावा असम में आयोजित द्वितीय राष्ट्रीय पैरा लॉन बॉल्स चैंपियनशिप के सिंगल्स इवेंट में रजत पदक जीतकर बिहार का नाम रोशन किया है। आगामी 19 से 27 दिसंबर तक मलेशिया में आयोजित होने वाली पैरा लॉन बॉल्स प्रतियोगिता में वे भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हादसे के बाद भी नहीं मानी हार
शेखर का जीवन संघर्ष और हौसले की मिसाल है। वर्ष 2010 में दसवीं की परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के बाद घर में पूजा का आयोजन था। इसी दौरान सड़क किनारे एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया, जिसकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें करीब चार वर्षों तक इलाज और कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ा। आर्थिक तंगी के बावजूद माता-पिता ने उनके इलाज में कोई कमी नहीं छोड़ी। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद शेखर ने हार नहीं मानी और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
शेखर की प्रतिभा और आर्थिक परेशानी की जानकारी खनिता निवासी मुक्तेश्वर नाथ दुबे के माध्यम से अखिलेश कुमार को मिली थी। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ी की मदद करने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर अखिलेश कुमार ने कहा कि शेखर जैसे खिलाड़ी समाज की अनमोल धरोहर हैं। आर्थिक अभाव के कारण किसी प्रतिभा का सपना अधूरा नहीं रहना चाहिए। शेखर का संघर्ष और उनकी उपलब्धियां पूरे रोहतास, बिहार और देश के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शेखर मलेशिया में भी शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।
समारोह में शेखर चौरसिया ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने संघर्ष, खेल यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
मौके पर मुक्तेश्वर नाथ दुबे, लिलवछ निवासी डॉ. मुन्ना सिंह, विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. बसंत दास सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।