
UGC के नए नियमों के खिलाफ उतरा सवर्ण समाज, करणी सेना ने सौंपा ज्ञापन
प्रतापगढ़ जिले में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियमों के विरोध में शुक्रवार को श्री राजपूत करणी सेना, उत्तर प्रदेश के बैनर तले सवर्ण समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नियमों को लेकर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। करणी सेना ने UGC के नए नियमों को ‘काला कानून’ बताते हुए कहा कि इससे संविधान में दिए गए समानता के अधिकार का उल्लंघन हो रहा है। संगठन का आरोप है कि नए प्रावधानों से मेधावी विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से नियमों पर पुनर्विचार कर आवश्यक संशोधन किए जाने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशभर में आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शन में श्री राजपूत करणी सेना के जिला अध्यक्ष कुंवर ऋषभ प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने कहा कि वह छात्रों के हित और समानता के अधिकार की मांग को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेगा।