
रानीगंज थाना क्षेत्र के मेढ़ौली जगदीशपुर गांव में शनिवार शाम बारिश के बाद नाले में मछली पकड़ने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पानी में उतरे लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा (25) के डूबने की आवाज सुनकर उन्हें बचाने पहुंचे उनके चाचा नन्हे विश्वकर्मा भी गहरे पानी में समा गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया और करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद नन्हे विश्वकर्मा का शव पानी से बाहर निकाल लिया गया। वहीं, लल्ले उर्फ विकास विश्वकर्मा की तलाश देर शाम तक जारी है।
लल्ले को पानी में डूबता देख उनके चाचा नन्हे विश्वकर्मा बिना देर किए उन्हें बचाने के लिए नाले में उतर गए। लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह भी अपना संतुलन खो बैठे और देखते ही देखते पानी में डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया।आधे घंटे बाद मिला नन्हे का शव
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल पानी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी खोजबीन के बाद करीब 30 मिनट की मशक्कत में नन्हे विश्वकर्मा का शव पानी से बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि यदि समय रहते दोनों को पानी से बाहर निकाला जा सकता तो शायद हादसा टल सकता था।