खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य विभाग की छापेमारी, दूध-खोया समेत 14 नमूने जांच को भेजे गए
खाद्य विभाग ने रेस्टोरेंट, बेकरी, मिठाई और डेयरी प्रतिष्ठानों में चलाया अभियान, जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
प्रतापगढ़। खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य विभाग ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने रेस्टोरेंट, बेकरी, मिष्ठान और डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान दूध, खोया, तेल, आइसक्रीम और घी समेत कुल 14 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए। लोगों में चर्चाएं रहती है कि खाद्य विभाग के आने की सूचना पर काफी दुकानदार बन्द करके भाग खड़े होते है, वहीं चुनिंदा दुकानों का ही सैंपल लिया जाता है, बाद में कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति ही होती है। जिले में बड़े पैमाने पर खाद्य पदार्थों में मिलावटी कारोबार चल रहा है।