
सण्डीला तहसील में हर गुरुवार सुनी जाएंगी राजस्व संबंधी शिकायतें
सण्डीला। किसानों एवं भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों की राजस्व संबंधी समस्याओं और शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए तहसील सण्डीला में प्रत्येक बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी, सण्डीला ने बताया कि प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को जनपद स्तर पर जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया जाता है। किसान दिवस में किसानों और भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा राजस्व विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें भी प्रस्तुत की जाती हैं।
उन्होंने बताया कि किसान दिवस की सीमित समयावधि का काफी हिस्सा राजस्व संबंधी शिकायतों की सुनवाई में व्यतीत हो जाता है, जिससे किसान दिवस के मूल उद्देश्यों, जैसे कृषि तकनीक, उन्नत बीज, सिंचाई तथा अन्य विकास योजनाओं पर चर्चा आदि, प्रभावित होते हैं।
इसी को देखते हुए किसानों एवं भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों की मांग पर तहसील स्तर पर राजस्व संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रत्येक बृहस्पतिवार को दोपहर 12 से 1 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
एसडीएम ने किसानों एवं भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों से निर्धारित दिवस और समय पर तहसील सण्डीला में उपस्थित होकर राजस्व विभाग से संबंधित अपनी शिकायतें एवं समस्याएं प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जा सके।