घुसा मगरमच्छ, मची दहशत; रिहायशी इलाके में पहुंचने से हड़कंप
हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र के मुंगलापुर गांव में रात के अंधेरे में मगरमच्छ के रिहायशी इलाके में पहुंचने से हड़कंप मच गया। मगरमच्छ को देखते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर गांव में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने के चलते मगरमच्छ रास्ता भटककर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग को दी। टीम के पहुंचने में समय लगने पर ग्रामीणों ने मगरमच्छ को काबू करने का प्रयास शुरू कर दिया।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मगरमच्छ को पकड़कर रस्सी से बांध दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। मगरमच्छ के काबू में आने के बाद भी ग्रामीणों ने सतर्कता बरती और लोगों को उसके करीब जाने से रोका।
बाद में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले गई।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने और आसपास जलभराव के कारण जंगली जीवों के आबादी की ओर आने का खतरा बढ़ गया है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि मगरमच्छ या किसी अन्य जंगली जीव के दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।