हरदोई में सीडीओ ने बावन में विकास कार्यों का किया आकस्मिक निरीक्षण, एमडीएम शेड और अमृत सरोवर की गुणवत्ता पर दिए निर्देश
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी ने गुरुवार को विकास खंड बावन की ग्राम पंचायत बावन में वीबीजी-राम जी योजना के अंतर्गत कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय बावन में 6.08 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन एमडीएम शेड/किचेन शेड का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नींव का कार्य गतिमान मिला तथा सभी पिलर खड़े किए जा चुके थे। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य लगभग एक सप्ताह में पूर्ण करा लिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव शत्रुधन सिंह तथा प्रशासक को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय में स्थित लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण में लाइब्रेरी का बच्चों के पठन-पाठन के लिए नियमित उपयोग होता हुआ प्रतीत नहीं हुआ। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रधानाध्यापक भानू प्रताप सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा लाइब्रेरी का नियमित एवं विधिवत संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
विद्यालय की पुताई भी काफी समय से नहीं कराए जाने पर तत्काल पुताई कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि 15 दिन बाद विद्यालय का पुनः निरीक्षण कराया जाएगा। कमियां पाए जाने पर संबंधित उत्तरदायी कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने वीबीजी-राम जी योजना के अंतर्गत लगभग 39.68 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन अमृत सरोवर ‘तारा तालाब’ का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। मौके पर तालाब की बाउंड्रीवाल और तार फेंसिंग का कार्य प्रगति पर मिला। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य लगभग एक माह में पूर्ण करा लिया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने अमृत सरोवर का गुणवत्तापूर्ण निर्माण निर्धारित समय में पूरा कराने के साथ ही जनसामान्य की सुविधा के लिए बेंच एवं सोलर लाइट लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने तालाब परिसर में कैमरे लगवाने के भी निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सके।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार संतोष सिंह, खंड विकास अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, खंड शिक्षा अधिकारी बावन राकेश कुमार, सहायक विकास अधिकारी पंचायत प्रदीप कुमार तथा अवर अभियंता बावन प्रदीप परासर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।