गांधी जयंती पर जनपद न्यायालय से निकली प्रभात फेरी, दिया सत्य-अहिंसा और स्वच्छता का संदेश
हरदोई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को जनपद न्यायालय परिसर, हरदोई में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव स्मिता गोस्वामी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
इसी क्रम में जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष रीता कौशिक ने विभिन्न स्कूलों से प्रभात फेरी में शामिल बच्चों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रभात फेरी में न्यायिक अधिकारियों, न्यायालय कर्मचारियों, विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों ने सहभागिता की।
प्रभात फेरी के दौरान प्रतिभागियों ने गांधी जी के विचारों एवं आदर्शों से जुड़े नारों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता और अहिंसा का संदेश दिया। लोगों को गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिला जज रीता कौशिक ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और मानवता के संदेश को जीवन में अपनाकर बेहतर एवं समतामूलक समाज के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में शांति, सद्भाव और जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।