
बिजली विभाग ने की अपील,
===
बिजली बिल जमा कर मनायें त्यौहार
===
मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, जिला दमोह अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा लंबे समय से बिजली बिलों का भुगतान नहीं किए जाने के कारण कंपनी को राजस्व वसूली में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बकाया राशि में लगातार वृद्धि होने से कंपनी की वित्तीय स्थिति प्रभावित हो रही है, जिससे विद्युत व्यवस्था के संचालन, रखरखाव, लाइन सुधार, ट्रांसफार्मर संधारण एवं उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति प्रदान करने के कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
बकाया राशि की वसूली हेतु वितरण केन्द्र प्रभारियों द्वारा समय-समय पर विशेष शिविरों का आयोजन कर उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए प्रेरित किया गया, किन्तु अपेक्षित सहयोग प्राप्त नहीं होने के कारण अधीक्षण अभियंता, दमोह के निर्देशन में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अत्यधिक बकाया वाले ट्रांसफार्मरों को अस्थायी रूप से बंद करने की कार्यवाही प्रारंभ की गई है।
वितरण केन्द्र बटियागढ़ अंतर्गत ग्राम सीगोन के यज्ञशाला वाले एवं पंचायत के पास स्थापित दो ट्रांसफार्मरों से संबद्ध 100 उपभोक्ताओं पर कुल रू. 6,94,620, ग्राम रूसंदो के तीन ट्रांसफार्मरों से संबद्ध 97 उपभोक्ताओं पर रू. 12,35,302, ग्राम रामनगर के बस्ती वाले ट्रांसफार्मर से संबद्ध 23 उपभोक्ताओं पर रू. 1,88,180, ग्राम खैजरा के दो ट्रांसफार्मरों से संबद्ध 61 उपभोक्ताओं पर रू. 6,41,970, ग्राम गढ़ोलाखाण्डे के बस्ती वाले ट्रांसफार्मर से संबद्ध 90 उपभोक्ताओं पर रू. 5,75,994 तथा ग्राम सेमरा रामनगर के बस्ती वाले एवं स्कूल के पास स्थित दो ट्रांसफार्मरों से संबद्ध 113 उपभोक्ताओं पर रू 10,01,410 की बकाया राशि लंबित होने के कारण उक्त सभी ट्रांसफार्मरों को बंद किया गया है।
इसी प्रकार हिनौता वितरण केन्द्र अंतर्गत ग्राम जोधा टोला के दो ट्रांसफार्मरों पर कुल रू. 2,16,000 की बकाया राशि लंबित होने के कारण दोनों ट्रांसफार्मरों को बंद किया गया है। ग्राम में विशेष शिविर आयोजित किए जाने के पश्चात भी बकायादार उपभोक्ताओं द्वारा भुगतान में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई गई।
नोहटा वितरण केन्द्र अंतर्गत ग्राम पीपर खिरिया के ट्रांसफार्मर पर रू. 1.50 लाख, ग्राम घटकुआ के दो ट्रांसफार्मरों पर रू. 2.00 लाख, ग्राम पटी नंदलाल के ट्रांसफार्मर पर रू. 3.50 लाख तथा खदान टोला के ट्रांसफार्मर पर रू. 1.96 लाख की बकाया राशि लंबित होने के कारण विभाग को उक्त ट्रांसफार्मरों को बंद करने की कार्यवाही करनी पड़ी।
हटा ग्रामीण) वितरण केन्द्र अंतर्गत ग्राम भरोटा के 25 के.वी.ए. ट्रांसफार्मर से संबद्ध 28 उपभोक्ताओं पर रू. 3.50 लाख, ग्राम सनकुईया के 5 ट्रांसफार्मरों से संबद्ध 90 उपभोक्ताओं पर रू. 2.50 लाख, ग्राम नीमी के 4 ट्रांसफार्मरों से संबद्ध 128 उपभोक्ताओं पर रू. 12.76 लाख, ग्राम खेरी रामदास के 4 ट्रांसफार्मरों से संबद्ध 123 उपभोक्ताओं पर रू. 12.37 लाख तथा ग्राम बिलखर्वा के 2 ट्रांसफार्मरों से संबद्ध 17 उपभोक्ताओं पर रू. 48,325 की बकाया राशि होने के कारण उक्त सभी ट्रांसफार्मरों को बंद किया गया है।
इसी प्रकार बांदकपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टिकरी बुजुर्ग के ट्रांसफार्मर से संबद्ध 15 उपभोक्ताओं पर रू. 29,856 की बकाया राशि लंबित होने के कारण उक्त ट्रांसफार्मर भी बंद किया गया है।
कंपनी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि विद्युत उपभोक्ताओं से प्राप्त होने वाला राजस्व ही विद्युत व्यवस्था के संचालन एवं विकास का मुख्य आधार है। यदि समय पर बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया जाता है तो कंपनी की वित्तीय स्थिति प्रभावित होती है, जिससे विद्युत लाइनों के रखरखाव, ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन, नए विद्युत अधोसंरचना कार्यों तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में कठिनाइयाँ उत्पन्न होती हैं। इसके अतिरिक्त राजस्व की कमी से विद्युत व्यवस्था के आधुनिकीकरण एवं उपभोक्ता सेवाओं के सुधार संबंधी कार्य भी प्रभावित होते हैं।
अधीक्षण अभियंता, दमोह ने बकायादार विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि आगामी रक्षाबंधन, जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी पर्वों को देखते हुए अपने बकाया बिलों का तत्काल भुगतान करें ताकि ट्रांसफार्मर बंद करने जैसी अप्रिय स्थिति निर्मित न हों।
#damoh