समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर होगी सख्त कार्रवाई - कलेक्टर श्री यादव
===
अनुपस्थित 22 अधिकारी-कर्मचारियो का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश, सहायक पंजीयक को कारण बताओ नोटिस
===
अधिकारियों-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आमजन को शासकीय सेवाओं का लाभ बिना किसी असुविधा के समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में लगातार आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आज जिला सहकारी केंद्रीय बैंक व सहायक पंजीयक सहकारी समितियां कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 22 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने सभी अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री यादव ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक को निर्देशित किया कि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति निर्मित नहीं होनी चाहिए। यदि अधिकारी-कर्मचारी समय पर कार्यालय में उपस्थित नहीं पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा सहकारी संस्थाओं की सहायक संस्थाएं, जैसे पैक्स एवं सहकारी समितियां, ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन से सीधे जुड़ी हुई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से लोग अपनी आवश्यकताओं एवं कार्यों के लिए जिला सहकारी बैंक में आते हैं। ऐसे में बैंक में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर वातावरण और समय पर सेवाएं मिलना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का अनुरोध किया।
सहायक पंजीयक को कारण बताओ नोटिस
सहायक पंजीयक सहकारी समितियां कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एक कर्मचारी को छोड़कर सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। सहायक पंजीयक (एआरसीएस) अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनुपस्थित कर्मचारी का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा जिले में कार्यालयों के आकस्मिक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य अधिकारी-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन को मिलने वाली सेवाएं और उनके कार्य निर्धारित समय पर पूरे हो सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का भली-भांति निर्वहन करने की अपील की।
#damoh #Damoh #CMMadhyaPradesh