जिला सहकारी बैंक में कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, 22 कर्मचारी मिले नदारद, 3-3 दिन की वेतन कटौती के दिए निर्देश
दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आज सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे जिला सहकारी केंद्रीय बैंक का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बैंक प्रबंधक को छोड़कर सभी 22 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। कलेक्टर ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी कर्मचारियों के 3-3 दिन के वेतन कटौती के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों में समयबद्धता लाने के लिए लगातार कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसके बावजूद कई कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप समय पर कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कलेक्टर ने जिला अस्पताल स्थित सीएमएचओ कार्यालय का भी निरीक्षण किया था। वहां 16 कर्मचारी अनुपस्थित मिले थे, जिसके बाद दो कर्मचारियों को निलंबित करने के साथ वेतन कटौती की कार्रवाई की गई थी। लगातार हो रही कार्रवाई से अधिकारी-कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति है।
Damoh, Damoh | Aug 24, 2026