मेडिकल कॉलेज में प्रसव के बाद महिला की मौत
इलाज में लापरवाही का आरोप, पति ने कोतवाली में दी तहरीर
प्रतापगढ़। राजकीय मेडिकल कॉलेज की एमसीएच विंग में प्रसव के बाद महिला की मौत से परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतका के पति राकेश पटेल ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, संग्रामपुर अमेठी के अम्मरपुर धौरहरा निवासी महिला को शनिवार शाम करीब 6:30 बजे प्रसव पीड़ा के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद रात करीब 9:30 बजे तक उसकी हालत ठीक थी। इसके बाद अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। आरोप है कि परिजन डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से उपचार की गुहार लगाते रहे, लेकिन समय से समुचित उपचार नहीं मिला। हालत गंभीर होने पर रात करीब 11:30 बजे महिला की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। पति ने मामले की जांच कर दोषी डॉक्टरों व कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
कवरेज इंडिया ब्यूरो प्रतापगढ़