
राज्यस्तरीय मेजर ध्यानचंद हॉकी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने राजगीर रवाना हुई पंजवार की टीम।
रघुनाथपुर प्रखंड के पंजवार गांव स्थित प्रोजेक्ट कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज की हॉकी टीम मंगलवार को राज्यस्तरीय मेजर ध्यानचंद हॉकी टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए राजगीर रवाना हुई। टीम में 16 बालिका खिलाड़ी शामिल हैं। सभी खिलाड़ी पंजवार स्थित मेरीकॉम स्पोर्ट्स एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
स्पोर्ट्स एकेडमी के कोच संतोष कुमार सिंह ने बताया कि टीम की बालिकाएं लंबे समय से नियमित रूप से हॉकी का प्रशिक्षण ले रही हैं। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों ने पूरी तैयारी की है। टीम के राजगीर रवाना होने पर विद्यालय के शिक्षकों, खेलप्रेमियों और ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
टीम का नेतृत्व विद्यालय के खेल शिक्षक राकेश कुमार सिंह कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राजगीर में आयोजित मेजर ध्यानचंद राज्यस्तरीय हॉकी टूर्नामेंट दो दिवसीय होगा। प्रतियोगिता में टीम पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाएं प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।
Siwan, Siwan | Sep 15, 2026