
फुटपाथ दुकानदारों की समस्याएं राष्ट्रीय सम्मेलन में उठाएंगे जहानाबाद के प्रतिनिधि
जहानाबाद : नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (नास्वी) की वार्षिक एजीएम में जहानाबाद जिले के फुटपाथ दुकानदारों की समस्याएं उठाई जाएंगी। सम्मेलन में प्रतिनिधित्व करने के लिए फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा मंगलवार को दिल्ली रवाना होंगे। उनके अलावा गुंजा कुमारी एवं रोशनी देवी को भी सम्मेलन में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी बातें रखने का अवसर मिला है।
फुटपाथ दुकानदार संघ की ओर से जारी प्रेस बयान में कहा गया है कि फुटपाथ दुकानदारों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। संगठन का आरोप है कि फुटकर विक्रेता कानून, 2014 का जिले में पूरी ईमानदारी से धरातल पर अनुपालन नहीं हो रहा है। वहीं, वेंडरों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। कोरोना काल के बाद बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश में जाने के बजाय अपने जिले में ही सड़क किनारे छोटे-मोटे कारोबार के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
संगठन ने आरोप लगाया कि सड़क किनारे रोजगार करने वाले फुटपाथ दुकानदारों को कई बार प्रशासन एवं पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। बयान में कहा गया कि यदि फुटकर विक्रेता कानून का प्रभावी अनुपालन करते हुए व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित किए जाएं तो फुटपाथ दुकानदारों को सम्मानजनक तरीके से रोजगार करने का अवसर मिल सकता है।
संघ ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बड़े उद्योग एवं पूंजी निवेश को बढ़ावा देने के बीच छोटे दुकानदारों की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। संगठन ने जिला परिषद की जमीन के आवंटन को लेकर भी जांच और पारदर्शिता की मांग उठाई है।
संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि दिल्ली में आयोजित वार्षिक सम्मेलन में जहानाबाद के फुटपाथ दुकानदारों की समस्याओं, वेंडिंग जोन के विकास, कानून के अनुपालन तथा रोजगार की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा जाएगा।