
चतरा में स्टार फिश बस रोककर दो यात्रियों से लूट, रुपयों से भरा बैग छीना
हंटरगंज (चतरा)। वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के भुईयाडीह तरवनवा गांव के पास सोमवार सुबह बदमाशों ने चतरा से गया जा रही स्टार फिश यात्री बस को ओवरटेक कर रोक लिया। काले रंग की थार से पहुंचे चार बदमाश बस में सवार हुए और दो यात्रियों से रुपयों से भरा बैग छीन लिया।
बताया गया कि वारदात के बाद बदमाश दोनों यात्रियों को अपने वाहन में बैठाकर सलैया मोड़ के पास उतारकर फरार हो गए। बस में सवार अन्य यात्रियों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई।
घटना के बाद आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से दोनों यात्रियों की रेकी की थी। हालांकि, रेकी और वारदात की पूरी वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
CCTV में कैद हुई वारदात
पूरी घटना बस में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना का फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने भी इसे जांच का आधार बनाया है। पुलिस फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।
थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। उन्होंने जल्द आरोपियों के पकड़े जाने की बात कही है।
#Chatra #Hunterganj #VashishthNagar #ChatraNews #HunterganjNews #JharkhandNews #LootCase #CrimeNews #BreakingNews #CCTVFootage #ViralCCTV #CrimeInJharkhand #PoliceInvestigation #StarFishBus #Thar #Loot #चतरा #हंटरगंज #लूटकांड #सीसीटीवी_फुटेज #झारखंड_न्यूज #अपराध #पुलिस_जांच #ViralNews #LoktantraBharat