
धारूहेड़ा पुलिस को मिली एक और बड़ी सफलता: निसार हत्याकांड में शामिल दुसरा आरोपी दीपांशु गिरफ्तार, 2 दिन के पुलिस रिमांड पर।
पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना धारूहेड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बहुचर्चित निसार हत्याकांड में शामिल दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान दीपांशु निवासी संतोष कॉलोनी धारूहेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल गाड़ी को बरामद कर चुकी है।
घटना का विवरण:
जांचकर्ता एसआई अभय पाल ने बताया कि गत 6 सितंबर को थाना धारूहेड़ा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव भटसाना स्थित एक डेयरी फार्म में मिट्टी के नीचे एक शव दबा हुआ है। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए धारूहेड़ा पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर मौजूद एक महिला की निशानदेही पर जब मिट्टी हटाई गई तो मानव शरीर का अंग दिखाई दिया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए 'सीन ऑफ क्राइम' (Forensic) टीम को तुरंत मौके पर बुलाया गया और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में गड्ढे की खुदाई करवाई गई, जहां से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए नमक, मिट्टी और कपड़े इत्यादि अपने कब्जे में लिए।
सघन प्रयासों के बाद हुई मृतक की शिनाख्त:
प्रारंभिक चरण में शव की पहचान न हो पाने के कारण पुलिस ने उसे पहचान व पोस्टमार्टम हेतु नागरिक अस्पताल, रेवाड़ी के शव गृह (Mortuary) में रखवा दिया था। पुलिस के निरंतर प्रयासों के बाद मृतक की शिनाख्त निसार (उम्र 28 वर्ष), निवासी गांव दमदमा, जिला खैरथल-तिजारा (राजस्थान) के रूप में हुई।
8 सितंबर को मृतक के पिता जमील ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि निसार 5 सितंबर को मजदूरी के लिए घर से तिजारा गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 4 नामजद आरोपियों सहित उनके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की संबंधित धाराओं के तहत थाना धारूहेड़ा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
चोरी के संदेह में की गई थी मारपीट:
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में संलिप्त एक आरोपी योगेश उर्फ गोलू निवासी मोहल्ला सैय्यद कॉलोनी, बास रोड, धारूहेड़ा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी योगेश ने पूछताछ में खुलासा किया था कि 5-6 सितंबर की तड़के (लगभग 4:00 बजे) उन्होंने निसार को चोरी के संदेह में पकड़ा था। संदेह के आधार पर उसने, दीपांशु ने और उसके अन्य साथियों ने लाठी-डंडों व लात-घूसों से निसार के साथ बेरहमी से मारपीट की।
हालत बिगड़ने पर जब वे उसे अस्पताल ले जा रहे थे, तो रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद साक्ष्य मिटाने और पहचान छिपाने की नीयत से वे शव को अपनी ब्रेजा गाड़ी में डालकर गांव भटसाना स्थित एक डेयरी फार्म ले गए और गड्ढा खोदकर दबा दिया। जो इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी योगेश के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई ब्रेजा गाड़ी बरामद कर चुकी है।
ताजा कार्रवाई व आगामी जांच:
मामले की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए धारूहेड़ा पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते मामले में संलिप्त दुसरे आरोपी दीपांशु निवासी संतोष कॉलोनी, धारूहेड़ा को भी धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी दीपांशु को माननीय अदालत में पेश करके 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से वारदात में शामिल अन्य साथियों, प्रयुक्त हथियारों तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में गहनता से पूछताछ करेगी। पुलिस द्वारा मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Uklana, Hissar | Sep 13, 2026