*जमानत पर बाहर आए अपराधियों की हिसार पुलिस कर रही घर-घर जांच, दोबारा अपराध में संलिप्त पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई*
हिसार, 13 सितंबर। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन के निर्देशानुसार हिसार पुलिस द्वारा अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए जेल से जमानत पर बाहर आए आरोपियों की घर-घर जाकर जांच एवं पहचान की जा रही है। विशेष रूप से आर्म्स एक्ट, मादक पदार्थ अधिनियम एवं अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में जमानत पर बाहर आए व्यक्तियों की गतिविधियों पर पुलिस द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है।
हिसार पुलिस की टीमें संबंधित थाना क्षेत्रों में ऐसे व्यक्तियों के घर पहुंचकर उनकी पहचान, वर्तमान निवास, वर्तमान गतिविधियों एवं रोजी-रोजगार के संबंध में जानकारी जुटा रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि जमानत पर बाहर आने के बाद संबंधित व्यक्ति किसी नए आपराधिक मामले में संलिप्त तो नहीं है अथवा किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़ा हुआ तो नहीं है।
पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों के संपर्क में रहने वाले लोगों एवं उनकी गतिविधियों के संबंध में भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि अपराधियों द्वारा दोबारा अपराध करने की किसी भी संभावना को समय रहते रोका जा सके।
*दोबारा अपराध किया तो होगी कड़ी कार्रवाई*
पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जमानत पर बाहर आने वाले अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। यदि कोई व्यक्ति जमानत की अवधि के दौरान दोबारा अपराध में संलिप्त पाया जाता है या आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देता है, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अपराधियों की निगरानी का उद्देश्य क्षेत्र में अपराध की पुनरावृत्ति को रोकना, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।
*आमजन से सहयोग की अपील*
एसपी हिसार ने आमजन से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में जमानत पर बाहर आया कोई व्यक्ति अवैध हथियार, नशीले पदार्थों की तस्करी या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में संलिप्त दिखाई देता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हिसार पुलिस का स्पष्ट संदेश है—कानून से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। अपराध छोड़कर सामान्य जीवन जीने वालों का सम्मान, लेकिन दोबारा अपराध की ओर कदम बढ़ाने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई।
Uklana, Hissar | Sep 13, 2026