बस अड्डे पर नशे के विरुद्ध चलाया जागरूकता अभियान
युवाओं और चालक प्रशिक्षणार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक, दिलाई नशामुक्त समाज की शपथ
हिसार, 13 सितंबर। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में हरियाणा राज्य परिवहन के बस अड्डे पर नशे के विरुद्ध एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार के दिशानिर्देश तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त फरीदाबाद एवं पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उपनिरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने युवाओं एवं चालक प्रशिक्षणार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. वर्मा ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और समाज की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। नशे की लत व्यक्ति को अपराध की ओर धकेलने के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रतिबंधित मादक पदार्थों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रतिबंधित मादक पदार्थों का अवैध रूप से रखना, खरीदना-बेचना अथवा अन्य संबंधित गतिविधियां गंभीर कानूनी अपराध हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए बेहद जरूरी है।
डॉ. वर्मा ने हुक्के और तंबाकू के बढ़ते प्रचलन पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। उन्होंने उपलब्ध आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि हरियाणा में प्रतिवर्ष लगभग 5,197 तथा देश में करीब 13 लाख लोगों की मौत तंबाकू के सेवन से संबंधित कारणों से होती है।
उन्होंने चालक प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री अथवा नशे से संबंधित किसी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना 1933 या 9050891508 पर दी जा सकती है। समय पर दी गई सूचना किसी युवा का जीवन बचाने के साथ-साथ समाज को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं एवं चालक प्रशिक्षणार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई।
Uklana, Hissar | Sep 13, 2026