
जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मल्लावां क्षेत्र में बिजली संकट, दो घंटे से आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश
मल्लावां। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर जहां एक ओर पूरे क्षेत्र के मंदिरों और घरों में कान्हा के जन्मोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग की लापरवाही ने श्रद्धालुओं के उत्साह पर पानी फेर दिया। मल्लावां क्षेत्र के गोसवा पावर हाउस से जुड़े नयागांव, पुरवावाँ और बीकापुर फीडर की बिजली पिछले दो घंटे से पूरी तरह गुल रही, जिससे दर्जनों गांवों में अंधेरा छा गया।
त्योहार के अवसर पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावों की हवा निकलते देख स्थानीय लोगों में भारी निराशा और आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कि प्रमुख त्योहारों पर 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए, स्थानीय स्तर पर विभागीय लापरवाही चरम पर है। संतों की सरकार होने के बाद भी जन्माष्टमी जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर घंटों बिजली गुल रहना विभाग की लचर कार्यप्रणाली को उजागर करता है।
वहीं, इस अंधाधुंध कटौती को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी गर्म हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाते हुए दबी जुबान में कहा कि विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण पर्व के दिन जनता को यह परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने मामले को लेकर उच्चाधिकारियों और संबंधित जेई की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों और जिला प्रशासन से मांग की है कि त्योहार के अवसर पर तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए और बिना पूर्व सूचना के घंटों तक बिजली गुल रखने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।