
राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित हुए संडीला बीईओ डॉ. बृजेश कुमार त्रिपाठी, निपुण भारत मिशन में नवाचार को मिली पहचान
हरदोई। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए संडीला के ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (बीईओ) डॉ. बृजेश कुमार त्रिपाठी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ है। नई दिल्ली में उन्हें ‘शैक्षिक प्रशासन में नवोन्मेष एवं नवाचार हेतु राष्ट्रीय पुरस्कार’ प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर डॉ. बृजेश कुमार त्रिपाठी ने इसे अपने साथ-साथ पूरी टीम की सामूहिक सफलता बताया। उन्होंने कहा कि निपुण भारत मिशन को सफल बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान उनके लिए और उनकी टीम के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि बेसिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश के कर्मठ शिक्षकों, अधिकारियों और पूरी टीम के समर्पण एवं अथक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने पुरस्कार की उपलब्धि में सहयोग देने वाले सभी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए आगे भी इसी तरह निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान को लेकर शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों में भी उत्साह है और इसे हरदोई जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।