
बिलग्राम में तमंचा लगाकर लूट और मारपीट के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में
हरदोई। बिलग्राम थाना पुलिस ने लूट और मारपीट के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, नकदी, आधार कार्ड, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को सौरभ कुमार पुत्र रामोतार, निवासी मुरौली थाना सांडी, ने बिलग्राम थाने में तहरीर दी थी। बताया गया कि वह बिलग्राम से अपने घर जा रहा था। रास्ते में ग्राम बेहटी बुजुर्ग मोड़ के पास हिमांशु पुत्र सुरेश, निवासी मोहल्ला उद्योग गली थाना बिलग्राम, अजय पुत्र रमेश, निवासी सिंघपुर थाना बिठूर जनपद कानपुर नगर तथा एक अन्य व्यक्ति मोटरसाइकिल से आए और तमंचा लगाकर उसका मोबाइल फोन, आधार कार्ड और 10 हजार रुपये छीन लिए। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की गई।
तहरीर के आधार पर बिलग्राम थाने में मुकदमा अपराध संख्या 395/26 के तहत धारा 115(2), 309(4), 351(3) और 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में धारा 317(2) बीएनएस और धारा 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने प्रकाश में आए आरोपी हिमांशु पुत्र सुरेश, निवासी मोहल्ला उद्योग गली थाना बिलग्राम तथा अजय पुत्र रमेश, निवासी ग्राम सिंघपुर थाना बिठूर, जनपद कानपुर नगर को गिरफ्तार किया। साथ ही एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
बरामदगी में घटना में प्रयुक्त एक अदद मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन, 3600 रुपये नकद, एक आधार कार्ड, एक अदद .315 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामजानी राव, उपनिरीक्षक दीप नारायण पाण्डेय और उपनिरीक्षक अजय तोमर शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई प्रचलित है।