
सांग सम्राट मास्टर नेकीराम के नाम पर साहित्यिक पुरस्कार शुरू करने की मांग हुई तेज
रेवाड़ी#प्रसिद्ध सांग सम्राट व लोक कवि मास्टर नेकीराम के नाम पर हरियाणा साहित्य संस्कृति अकादमी पुरस्कार शुरू करवाने और सरकारी स्तर पर उन्हें उचित मान सम्मान दिलाने की मांग अब तेज हो गई है। जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव से मुलाकात कर सांग सम्राट व लोक कवि मास्टर नेकीराम से संबंधित मांग को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष रखने का आग्रह किया।
संगठनों के प्रतिनिधियों ने मास्टर नेकीराम साहित्य एवं लोकनाट्य कला संरक्षण परिषद, सांग सम्राट मास्टर नेकराम साहित्य कला मंच, माता रमाबाई सामाजिक उत्थान, श्री गुरु रविदास मंदिर व हॉस्टल, सेवा स्तंभ, हजरस, आवाज फाउंडेशन हरियाणा, अखिल भारतीय मानव कष्ट निवारण समिति, डॉ. भीमराव अंबेडकर सेवा समिति बावल, हरियाणा प्रदेश चमार महासभा, जाटव समाज विकास समिति, त्रिनेत्र सामाजिक सभा, हंस नगर विकास एवं नागरिक कल्याण समिति, मिशन इक्वलिटी, रिटायर्ड कर्मचारी संघ जिला रेवाड़ी शाकुंतलम संगीत एवं नाट्य संस्था, भरत मुनि कला केंद्र, लावण्या फाउंडेशन के सामूहिक समर्थन वाला पत्र विधायक लक्ष्मण सिंह यादव को सौंपते हुए मास्टर नेकीराम के नाम पर हरियाणा साहित्य में संस्कृति अकादमी पुरस्कार तथा शहर के किसी प्रमुख चौक का नामकरण करने सहित आरएच अवकाश की मांग दोहराई। जिस पर विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने यह मांग मुख्यमंत्री के सामने रखने का आश्वासन दिया।
यह जानकारी देते हुए सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि मास्टर नेकीराम अपने दौर के सर्वाधिक लोकप्रिय सांग सम्राट व लोक कवि रहे हैं। उन्होंने 60 वर्षों तक हरियाणवी लोक संस्कृति का संरक्षण करते हुए हजारों लोक रचनाएं रची और अपने सांग मंचन से अनेक जनहित के कार्य कराए। उनकी तीन पीढ़ियों ने एक सदी तक हरियाणवी लोक संस्कृति और सांग कला को बनाए रखा। लोक सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान होने के बाद भी आज तक मास्टर नेकीराम के नाम पर कोई भी साहित्यिक पुरस्कार शुरू नहीं हुआ है जबकि इनके समकालीन कई अन्य लोक कवियों के नाम पर प्रदेश सरकार द्वारा पुरस्कार शुरू किए जा चुके हैं। इस मौके पर आरएस सांभरिया, इंजीनियर बुधराम पंवार, श्योकरण मेहरा, अजीत सिंह, पूर्व डीएसपी लालसिंह, डॉ. टीसी तंवर, आचार्य कांशीराम खींची, पूर्व एसडीओ शिवदान सिंह, प्रताप सिंह, ईश्वर सिंह सुठानी, जगदीशचंद्र नाथ, डॉ. कंवर सिंह व डॉ. सतबीर सहित कई मौजूद रहे।
Rewari, Rewari | Sep 5, 2026